भूगोल का इतिहास (History of Geography) भाग – 2 | Online Revision

रोमन, भारतीय एवं अरब भूगोलवेत्ताओं का योगदान 

तथा मध्यकालीन भूगोल का विकास

नोट: यह भाग- 2 है। यह पिछले भाग का- 1 का क्रमिक विस्तार है। यदि आपने भाग–1 नहीं पढ़ा है, तो पहले उसे अवश्य पढ़ें ताकि विषय की निरंतरता बनी रहे।

भूमिका

प्राचीन यूनानी विद्वानों ने भूगोल को वैज्ञानिक आधार प्रदान किया। उनके द्वारा विकसित सिद्धांतों और मानचित्रों ने आने वाली सभ्यताओं को नई दिशा दी। यूनानी सभ्यता के बाद रोमन साम्राज्य, भारत और अरब जगत ने भूगोल के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

विशेष रूप से रोमन विद्वानों ने प्रशासन और व्यापार के लिए मानचित्रों का विकास किया, भारतीय विद्वानों ने खगोल विज्ञान और गणित के माध्यम से भूगोल को समृद्ध बनाया, जबकि अरब भूगोलवेत्ताओं ने यात्राओं, समुद्री मार्गों और विश्व मानचित्रों के विकास में अभूतपूर्व योगदान दिया।

                             भूगोल का इतिहास प्राचीन मध्यकाल और आधुनिक काल का विकास

रोमन काल में भूगोल का विकास

यूनानियों (Greeks) के लिए भूगोल एक 'दार्शनिक और वैज्ञानिक' विषय था (जैसे पृथ्वी कितनी गोल है, तारे कहाँ हैं)। लेकिन जब रोमन लोग आए, तो वे बहुत व्यावहारिक (Practical) थे। उनके लिए भूगोल का मतलब था—"साम्राज्य कैसे चलाएं, टैक्स कहाँ से वसूलें और युद्ध कैसे जीतें।

रोमन लोगों का एक ही सपना था—पूरी दुनिया पर कब्ज़ा करना। इसलिए उनके भूगोलवेत्ताओं का मुख्य काम राजाओं और सेनापतियों की मदद करना था।
रोमन साम्राज्य का विस्तार यूरोप, एशिया और अफ्रीका तक था। इतने विशाल साम्राज्य का प्रशासन चलाने के लिए सड़कों, नगरों, सीमाओं और व्यापारिक मार्गों की सटीक जानकारी आवश्यक थी। इसी कारण रोमन शासकों ने भूगोल और मानचित्र निर्माण को विशेष महत्व दिया।

  • सैनिक नक्शे: रोमन भूगोलवेत्ताओं ने  ऐसे नक्शे बनाए जिनमें ज़मीन की ऊंचाइयों, नदियों, जंगलों और सबसे बढ़कर रास्तों की सटीक जानकारी हो, ताकि रोमन सेना आसानी से मार्च कर सके।
  • प्रशासनिक मदद: किस इलाके में कौन सी फसल होती है, कहाँ से कितना अनाज या सोना मिल सकता है—यह सब दर्ज करना ही उनका भूगोल था।

रोमन साम्राज्य में भूगोल का मुख्य उद्देश्य था—

  • प्रशासन को सरल बनाना।
  • व्यापारिक मार्गों का विकास करना।
  • सेना के आवागमन को सुगम बनाना।
  • नए क्षेत्रों का सर्वेक्षण करना।
  • अपने साम्राज्य की सीमाओं का निर्धारण करना।

स्ट्रैबो (Strabo) का योगदान

स्ट्रैबो (लगभग 64 ईसा पूर्व–24 ईस्वी) रोमन काल के सबसे प्रसिद्ध भूगोलवेत्ताओं में से एक थे।

आप प्राचीन जमाने का एक ऐसा 'ट्रैवल ब्लॉगर' या खोजी मान सकते हैं, जिसने आज से लगभग 2000 साल पहले पूरी दुनिया को यह समझाया कि भूगोल सिर्फ नक्शों का खेल नहीं है। वे रोमन साम्राज्य के दौर के एक महान यूनानी भूगोलवेत्ता और इतिहासकार थे, जिन्होंने अपनी आंखों देखी जानकारियों को किताबों में समेटा।

                             रोमन भूगोलवेत्ता स्ट्रैबो का योगदान और ज्योग्राफिका पुस्तक

उनकी प्रसिद्ध पुस्तक ज्योग्राफिका (Geographica) भूगोल के इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण कृतियों में गिनी जाती है। इसमें उन्होंने यूरोप, एशिया और अफ्रीका के हर उस कोने की जानकारी लिखी, जिसके बारे में तब तक इंसानों को पता था। इसस पुस्तक को उस समय की 'दुनिया का विकिपीडिया' कहा जा सकता है। वे केवल कमरों में बैठकर थ्योरी नहीं बनाते थे। उन्होंने तुर्की, मिस्र, इटली और इथियोपिया जैसे दूर-दराज के इलाकों की खुद लंबी यात्राएं कीं और वहां के भूगोल को समझा।

स्ट्रैबो के प्रमुख योगदान

स्ट्रैबो ने भूगोल के क्षेत्र मे बहुत महत्वपूर्ण योगदान दिए जिनमे शामिल हैं 

  • विश्व के विभिन्न देशों का विस्तृत वर्णन करना।
  • पर्वतों, नदियों, जलवायु और जनजातियों का अध्ययन करना।
  • राजनीतिक और सांस्कृतिक भूगोल का विकास करना।
  • उन्होंने मानव और पर्यावरण के संबंधों पर विशेष बल दिया।

स्ट्रैबो का मानना था कि भूगोल केवल पृथ्वी का अध्ययन नहीं, बल्कि मनुष्य और उसके जीवन को समझने का भी माध्यम है।

टॉलेमी (Claudius Ptolemy) का योगदान


क्लॉडियस टॉलेमी (लगभग 100–170 ईस्वी) भूगोल के इतिहास के सबसे प्रभावशाली विद्वानों में से एक थे। उन्हें आप प्राचीन काल का एक ऐसा 'स्पेस और मैप साइंटिस्ट' मान सकते हैं, जिसने लगभग 1800 साल पहले इंसानों को आसमान और जमीन दोनों को एक नए नजरिए से देखना सिखाया। वे मिस्र के अलेक्जेंड्रिया शहर में रहने वाले एक महान यूनानी-रोमन खगोलशास्त्री, गणितज्ञ और भूगोलवेत्ता थे।

उन्होंने ज्योग्राफिया (Geographia) नामक पुस्तक लिखी, जिसने आने वाले लगभग 1400 वर्षों तक विश्व के मानचित्र विज्ञान को प्रभावित किया।

नोट -   ध्यान दें  "ज्योग्राफिया (Geographia)" नामक पुस्तक टॉलमी द्वारा लिखी गयी है जबकि "ज्योग्राफिका (Geographica)" नामक पुस्तक स्ट्रैबो द्वारा लिखी गयी है।

टॉलेमी के प्रमुख योगदान 

टॉलेमी ने भूगोल के क्षेत्र में बहुत महत्वपूर्ण योगदान दिए जिनमे प्रमुख हैं -

  • अक्षांश (Latitude) और देशांतर (Longitude) का व्यवस्थित उपयोग करना।
  • पृथ्वी के विभिन्न स्थानों के निर्देशांक (Coordinates) निर्धारित करना।
  • वैज्ञानिक आधार पर विश्व का मानचित्र तैयार करना।
  • मानचित्रों में गणितीय विधियों का प्रयोग करना।

आज भी आधुनिक GPS और डिजिटल मैपिंग की मूल अवधारणा अक्षांश और देशांतर पर आधारित है, जिसकी व्यवस्थित प्रस्तुति टॉलेमी ने की थी।

रोमन साम्राज्य में भूगोल की विशेषताएँ

रोमन साम्राज्य (Roman Empire) के समय भूगोल (Geography) का मतलब सिर्फ आसमान के तारे देखना या पहाड़ों को नापना नहीं था, बल्कि यह उनके लिए साम्राज्य चलाने और युद्ध जीतने का एक प्रैक्टिकल हथियार बन चुका था। रोमन लोग बहुत व्यावहारिक (Practical) थे। उन्हें कोरी थ्योरी पसंद नहीं थी; वे हर चीज का इस्तेमाल अपने फायदे के लिए करना चाहते थे।

रोमन भूगोल की मुख्य विशेषताएँ निम्न थीं—

  • रोमन साम्राज्य में भूगोल के व्यावहारिक उपयोग पर अधिक बल दिया जाता था।
  • उन्होंने विस्तृत सड़कों के मानचित्र बनाए जिससे उन्हे यातायात मे अधिक सुविधा हुई ।
  • उन्होंने सामरिक महत्व वाले क्षेत्रों का अध्ययन किया।
  • उन्होंने भूगोल के अध्ययन से ही अपने प्रशासनिक सीमाओं का निर्धारण किया।
  • इससे उन्होंने व्यापारिक मार्गों का विकास किया।

भारत में भूगोल का विकास

भारत में भूगोल का इतिहास अत्यंत प्राचीन है। वैदिक काल से ही भारतीय विद्वानों को नदियों, पर्वतों, ऋतुओं, दिशाओं और खगोलीय घटनाओं का ज्ञान था। ऋग्वेद, महाभारत, रामायण, पुराण तथा अन्य प्राचीन ग्रंथों में भारत और उसके आसपास के क्षेत्रों का विस्तृत वर्णन मिलता है।

वैदिक काल में भूगोल

वैदिक साहित्य में सप्तसिंधु क्षेत्र, हिमालय, गंगा, यमुना, सरस्वती, नर्मदा जैसी नदियों एवं पर्वतों का उल्लेख मिलता है। भारतीयों को प्राचीन काल से ही ऋतुओं, मानसून तथा कृषि योग्य भूमि का भी अच्छा ज्ञान था।

आर्यभट्ट का योगदान

आर्यभट्ट (476–550 ईस्वी) एक महान गणितज्ञ एवं खगोलशास्त्री थे उन्होंने भूगोल और खगोल विज्ञान दोनों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने भूगोल अर्थात ( पृथ्वी के आकार, गति और स्थिति ) के संबंध मे अनेक क्रांतिकारी तथा वैज्ञानिक सिद्धांत दिए।

प्रमुख योगदान

भूगोल के क्षेत्र में उन्होंने बहुत महत्वपूर्ण योगदान दिए 

  • उन्होंने ही सबसे पहले ये बाते की पृथ्वी को गोलाकार है न की चपटी।
  • उन्होंने यह सिद्ध किया की पृथ्वी अपने अक्ष (axis) पर घूमती है तथा एक दिन मे अपना एक चक्कर पूरा कर लेती है।
  • उन्होंने यह भी बताया कि पृथ्वी के अपने अक्ष (axis) पर घूमने के कारण ही दिन और रात होते हैं तथा तारों का पूर्व से पश्चिम की ओर जाना केवल आभासी गति है।
  • उन्होंने ग्रहों की गति का वैज्ञानिक अध्ययन भी किया।
  • उन्होंने समय और दिशाओं की गणना में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
  • उनके विचार उस समय के लिए अत्यंत क्रांतिकारी थे।

वराहमिहिर का योगदान

वराहमिहिर (505–587 ईस्वी) भारत मे छठी शताब्दी के सबसे महान खगोल शास्त्रियों और वैज्ञानिकों मे से एक थे। उन्होंने अपनी प्रसिद्ध पुस्तक बृहत्संहिता में मौसम, वर्षा, कृषि, भू-आकृतियों तथा प्राकृतिक घटनाओं का विस्तृत वर्णन किया।उन्होंने मानसून और वर्षा के पूर्वानुमान से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण सिद्धांत प्रस्तुत किए।

प्रमुख योगदान 

वराहमिहिर ने अपने समय मे भूगोल मे अति महत्वपूर्ण योगदान दिए जैसेकि -

  • उन्होंने बादलों के बनने, हवा की गति, मानसून और वर्षा के तौर-तरीकों का अध्ययन किया तथा खगोलीय स्थितियों के आधार पर मौसम की भविष्यवाणी करने के सिद्धांत भी दिए । 
  • उन्होंने भारत की कल्पना एक विशाल कछुए के रूप में की, जो पूर्व की ओर मुंह किए हुए है।
  • उन्होंने पूरे देश को 9 मुख्य भागों में विभाजित किया (मध्य, पूर्व, दक्षिण-पूर्व, दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम, उत्तर-पश्चिम, उत्तर और उत्तर-पूर्व)।
  • उन्होंने भूकंपों को दैवीय प्रकोप न मानकर, उन्हें वायुमंडलीय दबाव, भू-गर्भीय हलचल और खगोलीय पिंडों (ग्रहों और चंद्रमा) के गुरुत्वाकर्षण प्रभावों से जोड़ा।
  • उन्होंने बताया कि भूकंप आने से पहले प्रकृति में कुछ बदलाव होते हैं, जैसे—अचानक मौसम का बहुत अधिक गर्म या असामान्य हो जाना, पशु-पक्षियों का अजीब व्यवहार करना, और कुओं के पानी का स्तर अचानक बदल जाना या पानी का स्वाद बदल जाना।
  • उन्होंने वर्षा को मापने के लिए एक विशेष पात्र (बर्तन) का विवरण दिया, जिसे आज के 'रेन गेज' का प्राचीन रूप माना जा सकता है। उन्होंने वर्षा को मापने के लिए 'द्रोण' और 'अढक' जैसी इकाइयों का उपयोग किया।
  • उन्होंने समझाया कि पृथ्वी के अपनी धुरी पर झुके होने और सूर्य के चारों ओर चक्कर लगाने के कारण ही ऋतुएँ बदलती हैं और दिन-रात छोटे-बड़े होते हैं।
  • उन्होंने पौराणिक कथाओं को खारिज करते हुए वैज्ञानिक आधार पर बताया कि सूर्य ग्रहण तब होता है जब चंद्रमा, सूर्य और पृथ्वी के बीच आ जाता है, और चंद्र ग्रहण तब होता है जब पृथ्वी की छाया चंद्रमा पर पड़ती है।

भारतीय भूगोल की प्रमुख विशेषताएँ

भारतीय भूगोल की प्रमुख विशेषताएँ थीं—

  •  उत्तर में विश्व की सबसे ऊंची और नवीन वलित पर्वत श्रृंखला हिमालय स्थित है, जो देश को मध्य एशिया से अलग करती है।
  • गंगा, ब्रह्मपुत्र और सिंधु नदियों द्वारा लाए गए उपजाऊ जलोढ़ से बने ये मैदान कृषि की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण और घनी आबादी वाले हैं
  • भारत की जलवायु मुख्य रूप से उष्णकटिबंधीय मानसूनी है, जो दक्षिण-पश्चिम मानसूनी हवाओं से सबसे अधिक प्रभावित होती है
  • भारत में खगोल विज्ञान (Astronomy) और भूगोल (Geography) हमेशा एक-दूसरे के पूरक रहे हैं। प्राचीन काल से ही हमारे पूर्वजों को यह पता था कि आकाशीय पिंडों की गति का पृथ्वी पर क्या प्रभाव पड़ता है।
  • पश्चिमी दुनिया जहाँ मुख्य रूप से चार मौसमों को मानती है, वहीं भारतीय परंपरा में वर्ष को छह ऋतुओं (षड्ऋतु) में विभाजित किया गया है, जो पृथ्वी की सूर्य के सापेक्ष गति पर आधारित है।
  • भारत एक नदी-प्रधान देश है, इसलिए यहाँ जल विज्ञान (Hydrology) और कृषि पद्धतियों का अत्यंत गहरा और व्यावहारिक ज्ञान विकसित हुआ।
  • भारतीय वास्तुकला और साहित्य में देश की प्राकृतिक सीमाओं—उत्तर में हिमालय और दक्षिण में तीन ओर फैले समुद्र का अत्यंत सजीव वर्णन मिलता है।
  • भारत में 'तीर्थयात्रा' केवल एक धार्मिक कर्मकांड नहीं था, बल्कि यह पूरे भारतीय उपमहाद्वीप को एक सूत्र में पिरोने और लोगों को भूगोल की व्यावहारिक शिक्षा देने का एक अनूठा माध्यम था। 

अरब में भूगोल का विकास 

आठवीं से पंद्रहवीं शताब्दी के बीच अरब विद्वानों ने भूगोल के विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अरब व्यापारी भारत, चीन, अफ्रीका और यूरोप तक समुद्री यात्राएँ करते थे। इन यात्राओं के दौरान उन्होंने अनेक नए क्षेत्रों का अध्ययन किया। उन्होंने नए मानचित्र बनाए, समुद्री मार्ग खोजे, बंदरगाहों का विवरण तैयार किया, विभिन्न देशों की संस्कृति और जलवायु का विस्तार से वर्णन किया।
अरब जगत में भूगोल का विकास केवल अनुवाद तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने प्रेक्षण (observation), वैज्ञानिक पद्धतियों और व्यापक यात्राओं के आधार पर इसे एक आधुनिक विज्ञान का रूप दिया। 
भारत और रोमन साम्राज्य की तरह अरब मे भी अनेक विद्वानों ने भूगोल के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिए जैसे-

अल-इदरीसी

अल-इदरीसी (1100–1165 ईस्वी) 12वीं शताब्दी के एक महान अरब भूगोलवेत्ता, मानचित्रकार (Cartographer) और लेखक थे। उनका जन्म 1100 ईस्वी में सेउटा (Ceuta - वर्तमान मोरक्को/स्पेन) में हुआ था और उनका पूरा नाम अबू अब्दुल्ला मोहम्मद अल-इदरीसी अल-कुरतुबी था।
वे पैगंबर मोहम्मद के वंशज (इदरीसी वंश) से ताल्लुक रखते थे, इसलिए उनके नाम के साथ 'अल-इदरीसी' जुड़ा। उन्हें मध्यकालीन युग का सबसे प्रसिद्ध नक्शानवीस (Mapmaker) माना जाता है।

प्रमुख योगदान -

  • उन्होंने विश्व का अत्यंत विस्तृत मानचित्र तैयार किया, जो उस समय का सबसे सटीक मानचित्र माना जाता था।
  •  उन्होंने प्राचीन यूनानी भूगोलवेत्ता टॉलेमी के सिद्धांतों और मानचित्रों की कमियों को दूर किया और अधिक सटीक दूरियों व देशांतर-अक्षांशों का निर्धारण किया। 
  • उनकी प्रसिद्ध पुस्तक Tabula Rogeriana कई शताब्दियों तक विश्व का प्रमुख भौगोलिक स्रोत रही।
  • उन्होंने सिसिली आने वाले दुनिया भर के व्यापारियों, नाविकों और यात्रियों से उनके द्वारा देखी गई जगहों की सटीक जानकारी ली। जिन क्षेत्रों के बारे में जानकारी अधूरी थी, वहाँ राजा रोजर की मदद से विशेष सर्वेक्षकों और चित्रकारों को भेजा गया ताकि वे वहाँ की भौगोलिक स्थिति को रिकॉर्ड कर सकें।
  • यूनानी पद्धति को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने पृथ्वी को व्यवस्थित रूप से विभाजित किया:
  • उन्होंने भूमध्य रेखा (Equator) से लेकर उत्तर के ठंडे क्षेत्रों तक पूरी दुनिया को 7 प्रमुख जलवायु क्षेत्रों (Climatic Zones) में बांटा।
  • फिर अध्ययन को और आसान बनाने के लिए प्रत्येक जलवायु क्षेत्र को पश्चिम से पूर्व की ओर 10 उप-भागों में विभाजित किया।
  • उन्होंने टॉलेमी की उस थ्योरी का समर्थन किया कि पृथ्वी गोल है।
  • उन्होंने पृथ्वी की परिधि (Circumference) की गणना 22,900 मील की थी, जो कि आधुनिक विज्ञान द्वारा मापी गई वास्तविक परिधि (लगभग 24,900 मील) के बेहद करीब थी।

इब्न बतूता

इब्न बतूता 14वीं शताब्दी के एक प्रसिद्ध मुस्लिम खोजकर्ता और भूगोलवेत्ता (Geographer) थे। उनका जन्म 1304 में मोरक्को के तंजियर में हुआ था। उन्होंने 1325 से 1354 के बीच लगभग 30 वर्षों तक अफ्रीका, एशिया और यूरोप के बड़े हिस्से की यात्रा की। उन्होंने कुल 1,17,000 किलोमीटर की दूरी तय की, जो उस समय के किसी भी अन्य यात्री से अधिक थी। वे 1333 ईस्वी में भारत आए। दिल्ली के सुल्तान मोहम्मद बिन तुगलक ने उन्हें दिल्ली का 'काज़ी' (मुख्य न्यायाधीश) नियुक्त किया था। वे 8 साल तक इस पद पर रहे। 1368 ईस्वी में मोरक्को में उनका निधन हो गया।

इब्न बतूता का योगदान

1. मध्यकाल में जब लोगों को अपने शहर से बाहर की दुनिया का पता नहीं था, तब इब्न बतूता ने दुनिया को अलग-अलग क्षेत्रों (Regions) में बांटकर वहां की जलवायु, मिट्टी और पर्यावरण का विश्लेषण किया।

  • उन्होंने अफ्रीका के सहारा रेगिस्तान की तपती गर्मी से लेकर रूस के साइबेरियाई क्षेत्रों की हाड़ कंपाने वाली ठंड का अनुभव किया और बताया कि कैसे जलवायु इंसानों के रहन-सहन को बदल देती है। 
  • उन्होंने मालदीव जैसे द्वीपों से लेकर भारत के मैदानी इलाकों और चीन की नदियों वाले क्षेत्रों का अलग-अलग भौगोलिक खाका खींचा।
2. इब्न बतूता को इस बात में बहुत दिलचस्पी थी कि अलग-अलग भूगोल में रहने वाले इंसान कैसे जीते हैं। आज जिसे हम 'Human Geography' कहते हैं, उसकी नींव उनके विवरणों में मिलती है:
  • उन्होंने भारत के पान और नारियल को देखकर अचंभा जताया था। उन्होंने लिखा कि नारियल का पेड़ खजूर जैसा दिखता है लेकिन उससे इंसानी खोपड़ी जैसा फल मिलता है, जिसके अंदर रेशा (जटा) होता है जिससे जहाजों की रस्सियां बनती हैं।
  • उन्होंने बताया कि ठंडे प्रदेशों में लोग चमड़े के भारी कपड़े क्यों पहनते हैं और गर्म देशों में सूती कपड़ों का चलन क्यों है।
3. 14वीं सदी में दुनिया का व्यापार कैसे चलता था, इसका सबसे बड़ा नक्शा इब्न बतूता की यादों में था
  • उन्होंने सिल्क रोड (Silk Road) और हिंद महासागर के समुद्री मार्गों का बारीकी से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि कैसे कालीकट (भारत) और ज़ैतून (चीन) के बंदरगाह पूरी दुनिया के व्यापार के बड़े केंद्र थे।
  • उन्होंने अलग-अलग देशों की करेंसी (जैसे मालदीव में कौड़ियों का इस्तेमाल और चीन में कागज़ के नोट/Paper Money) और वहां के बाजारों की व्यवस्था के बारे में लिखा।
4. उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं के इंसानी बस्तियों पर पड़ने वाले असर को भी दर्ज किया। जब वह भारत में थे, तब उन्होंने दिल्ली और आसपास के इलाकों में पड़े भीषण अकाल (Famine) को करीब से देखा और लिखा कि कैसे एक संपन्न इलाका भुखमरी के कारण उजड़ जाता है।


अल-बिरूनी

अल-बीरूनी असल में 11वीं सदी के एक 'ऑलराउंडर' विद्वान थे। वे एक ऐसे खोजी थे, जिन्हें उस ज़माने के विज्ञान, इतिहास, और तारों की दुनिया (खगोलशास्त्र) का मास्टर माना जाता था।
अल-बीरूनी रहने वाले तो आज के उज़्बेकिस्तान (ख़्वारिज़्म) के थे। जब सुल्तान महमूद गजनवी ने उनके देश पर हमला किया, तो वह वहाँ के बड़े-बड़े विद्वानों को अपने साथ अफ़गानिस्तान (ग़ज़नी) ले आया। अल-बिरूनी भी उन्हीं में से एक थे। इसके बाद जब गजनवी ने भारत पर हमले शुरू किए, तो अल-बिरूनी भी उसके साथ भारत आए। जहाँ बाकी हमलावर भारत को लूटने में लगे थे, वहीं अल-बीरूनी का दिल यहाँ के ज्ञान और संस्कृति पर आ गया। अल-बिरूनी (973–1048 ईस्वी) ने भारत का गहन अध्ययन किया। वे पंजाब और उत्तर भारत के इलाकों में कई सालों तक रहे। उन्होंने यहाँ के ब्राह्मणों और पंडितों से दोस्ती की, उनसे संस्कृत सीखी, और हमारे वेद, पुराण, उपनिषद और भगवद्गीता को गहराई से पढ़ा।
उनकी प्रसिद्ध पुस्तक 'किताब-उल-हिंद' भारतीय समाज, संस्कृति, विज्ञान और भूगोल की महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करती है।

अल-बिरूनी का योगदान

अल-बीरूनी ने भूगोल को केवल रटने वाला विषय नहीं माना, बल्कि उसे मैथ्स और लॉजिक से जोड़ दिया। आज से 1,000 साल पहले जब लोगों को लगता था कि पृथ्वी चपटी है, तब उन्होंने घर बैठे-बैठे ऐसी खोजें कर दीं जो आज की सैटेलाइट तकनीक जैसी सटीक थीं।

1. एक घटना जो उनकी ज़िंदगी का सबसे जादुई कारनामा था। आज के पाकिस्तान के एक किले (नंदना किला) के पास एक पहाड़ी थी। अल बीरूनी  ने न तो पूरी दुनिया का चक्कर लगाया और न ही उनके पास कोई मॉडर्न फीता था।

  • उन्होंने बस एक त्रिकोणमिति (Trigonometry) का फॉर्मूला इस्तेमाल किया। पहाड़ी की ऊंचाई नापी, वहाँ से दूर क्षितिज (क्षितिज यानी जहाँ ज़मीन और आसमान मिलते दिखते हैं) का कोण (Angle) देखा और कैलकुलेशन कर दी।
  • उन्होंने बताया कि पृथ्वी की त्रिज्या (Radius) 6,340 किलोमीटर है। आज के वैज्ञानिक जब सैटेलाइट से नापते हैं, तो वह लगभग 6,371 किलोमीटर निकलती है। यानी 1,000 साल पहले उनका अंदाज़ा 99% से ज़्यादा सही था! इसी वजह से उन्हें 'भू-गणित का पिता' (Father of Geodesy) कहा जाता है।

    2. उस समय तक यूरोप के लोग तब तक यही सोचते थे कि दुनिया बस एशिया, यूरोप और अफ्रीका तक ही सीमित है। लेकिन अल बीरूनी ने जब गणित लगाकर पृथ्वी का पूरा घेरा निकाला, तो उन्हें लगा कि जितनी ज़मीन हमें पता है, वो तो बहुत कम है। बाकी की पृथ्वी पर सिर्फ पानी नहीं हो सकता, क्योंकि अगर ऐसा हुआ तो पृथ्वी का संतुलन बिगड़ जाएगा। उन्होंने साफ लिखा कि इस विशाल समंदर के पार भी कोई न कोई बड़ा महाद्वीप (ज़मीन का टुकड़ा) ज़रूर है। बाद में जाकर वही ज़मीन 'अमेरिका' निकली।

    3. जब वे उत्तर भारत (पंजाब और गंगा के मैदानों) में घूम रहे थे, तो उन्होंने यहाँ की मिट्टी और पत्थरों को बहुत ध्यान से देखा। उन्होंने अपनी किताब में लिखा कि यह जो गंगा और सिंधु का विशाल मैदान है, यह कभी एक बहुत बड़ा समंदर हुआ करता था। पहाड़ों से जो नदियाँ बहकर आईं, वे अपने साथ मिट्टी, कंकड़ और गाद लाती रहीं और धीरे-धीरे यह समंदर भर गया और उपजाऊ मैदान बन गया। आज की मॉडर्न जियोलॉजी (भू-विज्ञान) भी हूबहू यही बात कहती है।

    4. गुजरात के सोमनाथ के पास उन्होंने समुद्र में आने वाले ज्वार-भाटा (Tides) का गहरा अध्ययन किया। उन्होंने पहली बार दुनिया को समझाया कि समुद्र की लहरों का ऊंचा उठना और शांत होना, सीधे तौर पर चंद्रमा के घटने और बढ़ने (Moon Phases) से जुड़ा हुआ है।

    अरब में भूगोल की विशेषताएँ-

    जब हम प्राचीन या मध्यकालीन "अरब में भूगोल" (Arab Geography) की बात करते हैं, तो इसका मतलब सिर्फ सऊदी अरब की रेतीली ज़मीन से नहीं है। इसका मतलब है उस ज़माने का पूरा इस्लामी साम्राज्य  जहाँ अरबी भाषा में विज्ञान और भूगोल पर कमाल का काम हो रहा था (लगभग 8वीं से 14वीं सदी के बीच)।

    अरब भूगोल की प्रमुख विशेषताएँ थीं—

    • समुद्री मार्गों का विस्तृत अध्ययन।
    • व्यापारिक केंद्रों का वर्णन।
    • विश्व मानचित्रों का विकास।
    • विभिन्न देशों की जलवायु और संस्कृति का अध्ययन।
    • यात्राओं पर आधारित प्रामाणिक विवरण।

    मध्यकालीन भूगोल

    मध्यकाल में भूगोल की गाड़ी के दो पहिये थे। यूरोप में यह विज्ञान से हटकर पूरी तरह धार्मिक कल्पना बन गया, जबकि अरब दुनिया में यह व्यापार, यात्राओं और गणित के सहारे एक बेहद आधुनिक विज्ञान बनकर उभरा। इसी अरब ज्ञान ने आगे चलकर आधुनिक भूगोल की नींव रखी। 
    आप इतिहास का एक ऐसा दौर मान सकते हैं, जब भूगोल के क्षेत्र में 'यूरोप में एक तरफ अंधेरा छा गया था तो वहीं  दूसरी तरफ अरब में ज्ञान का सूरज चमक रहा था।' यह समय लगभग 5वीं शताब्दी से 15वीं शताब्दी (500 AD से 1500 AD) के बीच का है।
    इस काल में—

    • धार्मिक यात्राएँ बढ़ीं।
    • व्यापारिक मार्गों का विस्तार हुआ।
    • समुद्री खोजों की तैयारी हुई।
    • यात्रियों ने नए देशों का वर्णन किया।
    • मानचित्रों में सुधार हुआ। 
    यही विकास आगे चलकर पुनर्जागरण (Renaissance) और महान भौगोलिक खोजों का आधार बना।

    मध्यकालीन भूगोल का महत्व

    मध्यकालीन भूगोल ने—

    • विश्व के विभिन्न भागों को आपस में जोड़ा।
    • अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बढ़ावा दिया।
    • समुद्री यात्राओं को सुरक्षित बनाया।
    • नई भौगोलिक खोजों का मार्ग प्रशस्त किया।
    • आधुनिक मानचित्र विज्ञान की नींव रखी।

    निष्कर्ष

    रोमन, भारतीय और अरब विद्वानों ने भूगोल को केवल पृथ्वी के वर्णन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे प्रशासन, व्यापार, खगोल विज्ञान, समुद्री यात्राओं और सांस्कृतिक अध्ययन से जोड़कर एक व्यापक विज्ञान का रूप दिया। टॉलेमी के मानचित्र, आर्यभट्ट के वैज्ञानिक सिद्धांत, वराहमिहिर के मौसम संबंधी अध्ययन और अल-इदरीसी तथा इब्न बतूता के यात्रा-वृत्तांतों ने आधुनिक भूगोल की नींव को और अधिक मजबूत बनाया। इन सभी योगदानों ने आगे आने वाले पुनर्जागरण काल और आधुनिक भूगोल के विकास का मार्ग प्रशस्त किया।


    भाग–3 में हम पढ़ेंगे:

    • पुनर्जागरण काल में भूगोल का विकास
    • महान भौगोलिक खोजें
    • आधुनिक भूगोल का विकास
    • आधुनिक भूगोलवेत्ताओं का योगदान (अलेक्जेंडर वॉन हम्बोल्ट, कार्ल रिटर, फ्रेडरिक रैटज़ेल, विदाल डी ला ब्लाश आदि)
    • आधुनिक तकनीक (GIS, GPS, Remote Sensing)
    • भूगोल का वर्तमान स्वरूप



    भूगोल का इतिहास भाग - 3

    भूगोल का इतिहास भाग - 1

    एक टिप्पणी भेजें

    0 टिप्पणियाँ